Report by : CWN Desk
Published at :
राजधानी देहरादून से अब पिथौरागढ़ दूर नहीं, सितम्बर से हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद

22 सीटर विमान की उड़ान का ट्रायल पूरा, हवाई सेवा शुरू करने की तिथि की घोषणा होनी बाकी

देहरादून। प्रदेश में सितंबर माह में देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा का संचालन शुरू हो सकता है। इसके लिए सेवा प्रदाता कंपनी ने ट्रायल पूरा कर लिया है। जल्द ही आधिकारिक रूप से हवाई सेवा शुरू करने की तिथि की घोषणा कर दी जाएगी।
यह हवाई सेवा देहरादून से पंतनगर और फिर पिथौरागढ़ के लिए संचालित की जानी प्रस्तावित है।केंद्र सरकार ने वर्ष 2018 में उड़ान योजना के तहत देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई मार्ग पर हवाई सेवा को मंजूरी दी थी। इसके बाद यहां नौ सीटर हवाई जहाज का संचालन शुरू किया गया। यह सेवा देहरादून से पंतनगर और पिथौरागढ़ के बीच संचालित की गई। कुछ समय तक सुचारू रहने के बाद हवाई जहाज में तकनीकी खराबी के कारण यह सेवा पहले तो बाधित हुई और फिर मार्च 2020 में इसे बंद कर दिया गया। 
कोरोना काल समाप्त होने के बाद प्रदेश सरकार ने इस हवाई सेवा को शुरू करने के लिए केंद्र सरकार का दरवाजा खटखटाया। इसके लिए प्रदेश सरकार ने पिथौरागढ़ हवाई पट्टी के निकट भवनों समेत अन्य बाधाओं को भी दूर किया। इस पर केंद्र ने यहां 22 सीटर विमान उतारने की कवायद शुरू की। 
इस बीच सरकार ने क्षेत्र के सामरिक महत्व को देखते हुए इस हवाई पट्टी को वायु सेना को सौंपने का निर्णय लिया। केंद्र ने यहां से हवाई सेवा शुरू करने के लिए बाकायदा एक कंपनी फ्लाई बिग का चयन कर लिया। अब इस कंपनी ने ट्रायल लैंडिंग कर ली है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि इसके लिए तैयारियां पूरी हैं। जल्द ही हवाई सेवा शुरू करने की आधिकारिक तिथि घोषित कर दी जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›