Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून : नवोदय विद्यालय भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल: 17 अभ्यर्थी पकड़े गए, एक मुन्नाभाई भी गिरफ्तार

रामपुर। उत्तर प्रदेश एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वॉड) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में रामपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शहजाद पुत्र अब्दुल वहाब के रूप में हुई है, जो टांडा थाना क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले का निवासी है। उसे मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया, जहां वह काफी समय से रहकर संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

एटीएस द्वारा गिरफ्तारी के बाद शहजाद को लखनऊ ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी चल रही है। एटीएस सूत्रों के अनुसार, शहजाद कई बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुका है। वहीं उसकी मुलाकात आईएसआई एजेंट्स से हुई थी और तभी से उसका संपर्क पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से जुड़ गया।

जांच में सामने आया है कि शहजाद भारत और पाकिस्तान के बीच कॉस्मेटिक्स, कपड़े, मसाले और अन्य सामानों की अवैध तस्करी करता था। इसी तस्करी की आड़ में वह भारत की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां आईएसआई एजेंट्स को मुहैया कराता रहा। इतना ही नहीं, वह भारत में मौजूद आईएसआई नेटवर्क को आर्थिक मदद भी पहुंचाता था।

एटीएस को यह भी जानकारी मिली है कि शहजाद के संबंध आईएसआई के करक नेटवर्क के एजेंट्स से काफी मजबूत हैं। उसने इन एजेंट्स को भारतीय सिम कार्ड भी मुहैया कराए, जिससे वे भारत में अपनी जासूसी गतिविधियां चला सकें। इसके अलावा, शहजाद यूपी के विभिन्न हिस्सों से लोगों को तस्करी के बहाने पाकिस्तान भेजने में भी संलिप्त था। इन लोगों के वीजा आदि की व्यवस्था पाकिस्तानी एजेंट्स के जरिए करवाई जाती थी।

रामपुर के एसपी विद्या सागर मिश्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी एटीएस ने की है और फिलहाल आगे की विधिक कार्रवाई एटीएस द्वारा ही की जा रही है। शहजाद की गिरफ्तारी के बाद अब उसके नेटवर्क और संपर्कों की छानबीन की जा रही है। यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, लिहाजा सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से जांच में जुटी हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›