CWN Desk

CM पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के सेवा संकल्प अभियान में कहा कि जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। बहुउद्देशीय शिविर में किट बांटीं।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपने कामों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। यदि किसी कार्य में समय लगना अनिवार्य हो, तो शिकायतकर्ता को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए।
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट और बाल विकास विभाग की ओर से महालक्ष्मी एवं किशोरी किट का वितरण भी किया। सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सुशासन और जनभागीदारी के जरिए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि पूर्व में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जनसेवाओं को अधिक सरल और सुलभ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राशन कार्ड, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा और प्रमाणपत्र जैसे कार्यों के लिए बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर केवल औपचारिकता नहीं हैं, बल्कि जनता और शासन के बीच की दूरी कम करने का एक सशक्त और प्रभावी माध्यम हैं।