CWN Desk

उत्तराखंड के कालसी में आपसी विवाद के चलते पति ने पत्नी की दरांती से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार, राजस्व पुलिस जांच में जुटी।

देहरादून। जिले में कालसी ब्लॉक के कचटा गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ आपसी विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की दरांती से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचटा गांव निवासी 27 वर्षीय मनोज खेतीबाड़ी का काम करता है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसने 20 वर्षीय नीलू के साथ प्रेम विवाह किया था। गुरुवार को परिवार के अन्य सदस्य रोजाना की तरह खेतों में काम करने गए हुए थे। घर पर मनोज अपनी पत्नी नीलू के साथ अकेला मौजूद था। इसी दौरान दोपहर करीब ढाई बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह आपसी कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मनोज ने आपा खो दिया और घर में रखी दरांती से नीलू के गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मनोज तुरंत मौके से फरार हो गया। जब परिजनों को घटना का पता चला, तो पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीएम कालसी प्रेमलाल ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए राजस्व पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और मामले की गहनता से जाँच जारी है।