Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
FB IMG 1791475246005

नैनी। ग्राम पंचायत हरड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। आगामी 17 अक्टूबर 2026 को बंदी खोल देवता मंदिर के प्रांगण में ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन तय किया गया है। इस बहुप्रतीक्षित जन-समस्या निवारण शिविर में जिला प्रशासन के लगभग सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी सीधे मौके पर मौजूद रहकर समस्याओं का समाधान करेंगे।
ग्राम पंचायत हरड़ा के प्रधान जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस एकीकृत शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना है। शिविर में समाज कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, विद्युत, जल संस्थान, सिंचाई और श्रम विभाग के प्रतिनिधि एक ही मंच पर उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक करने और नया आधार कार्ड बनाने की विशेष सुविधा भी श्रम विभाग द्वारा दी जाएगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शिविर स्थल पर एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया जाएगा। जो ग्रामीण दिव्यांग प्रमाण पत्र (Disability Certificate) बनवाने के लिए परेशान हो रहे थे, वे इस शिविर में आकर डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम से तत्काल प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। पेंशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी फाइलों का निस्तारण भी अधिकारियों द्वारा उसी दिन किया जाएगा।
ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह ने हरड़ा, जिंगल, न्योली, बमौरी, तरूला और मल्ली नैनी गाँव के निवासियों से इस संदेश को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है। स्थानीय प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। ग्रामीणों से अनुरोध है कि वे 17 अक्टूबर को सुबह से ही बंदी खोल देवता मंदिर प्रांगण में पहुँचकर अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएँ।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›