Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
Screenshot 20261009 165137 WhatsApp

अल्मोड़ा के धौलादेवी में मूसलाधार बारिश के साथ गिरे ओले। आंगन में बिछी सफेद चादर और ठंड बढ़ने से बढ़ा जनजीवन का पारा। पढ़ें पूरी खबर।

अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी ब्लॉक अंतर्गत नैनी-नैलपड़ क्षेत्र में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। क्षेत्र में शाम के समय अचानक काले बादल घिर आए और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही इलाके में छोटे-छोटे आकार के ओले भी भारी मात्रा में गिरे।
अचानक हुई इस तेज ओलावृष्टि के कारण स्थानीय निवासियों के पत्थरों से बने आंगनों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। इसके साथ ही मूसलाधार बारिश की वजह से खेतों और आवासीय परिसरों में पानी भर गया। ओलावृष्टि के कारण क्षेत्र में अचानक ठंड में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है।


स्थानीय निवासियों के अनुसार, दिनभर मौसम सामान्य रहने के बाद शाम को अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलों और साग-सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। बारिश और ओलों के थमने के बाद भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम में आए इस बदलाव से पहाड़ी इलाकों में शाम ढलते ही ठिठुरन काफी बढ़ गई है। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या होने से ग्रामीण मार्ग भी प्रभावित हुए हैं।
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बदलते मौसम का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने भी आने वाले समय में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›