कालू वर्मा

श्यामपुर के बाहर पीली गांव में खेत में घास काट रहे किसान को हाथी ने कुचलकर मार डाला। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।

हरिद्वार। जिले से सटे श्यामपुर क्षेत्र में मानव और वन्यजीव संघर्ष की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। श्यामपुर की ग्राम पंचायत सजनपुर पीली के गांव बाहर पीली में गुरुवार शाम एक जंगली हाथी ने किसान पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाहर पीली निवासी 50 वर्षीय किसान सतपाल पुत्र भगवान सिंह गुरुवार शाम करीब पांच बजे हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे के किनारे स्थित खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान जंगल से निकलकर एक जंगली हाथी अचानक खेत में आ धमका। इससे पहले कि सतपाल संभल पाते, हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पटककर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की तरफ खदेड़ा।
किसान की दर्दनाक मौत से स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। आक्रोशित ग्रामीण तुरंत श्यामपुर वन रेंज कार्यालय पहुँच गए, लेकिन वहां किसी जिम्मेदार अधिकारी के न मिलने पर लोगों का गुस्सा और भड़क गया। इसके बाद ग्रामीणों ने बाहर पीली अड्डे पर जाकर हाईवे जाम करने का प्रयास किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुँची और देर रात तक ग्रामीणों को शांत कराने में जुटी रही। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे खेतों में काम करना जोखिम भरा हो गया है। वन विभाग से कई बार सुरक्षा की मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। पुलिस और वन विभाग अब पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दे रहे हैं।