उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने खानपुर और लक्सर सीट से भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान किया है।
हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल अभी से तेज होने लगी है। खानपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने लंढौरा स्थित ऐतिहासिक रंगमहल में आयोजित कार्यकर्ता बैठक के दौरान एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में दो अलग-अलग सीटों से अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इस फैसले के बाद क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी समर्थकों की मौजूदगी के बीच चैंपियन ने कहा कि वह खानपुर और लक्सर दोनों विधानसभा क्षेत्रों से भारतीय जनता पार्टी का टिकट मांगेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पूरी मजबूती के साथ अपनी दावेदारी पार्टी आलाकमान के समक्ष रखेंगे। चैंपियन ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान यह पूरा क्षेत्र विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है। इसलिए क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए दोनों सीटों पर सक्रियता बढ़ाना जरूरी हो गया है।
बैठक के दौरान उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने दल्लावाला कन्या डिग्री कॉलेज की मंजूरी को अपनी बड़ी प्राथमिकताओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर सामाजिक सौहार्द मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही उनकी पत्नी रानी देवयानी ने भी चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंकते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावी रणनीति और भविष्य की योजनाओं पर सुझाव मांगे।
चैंपियन ने अंत में साफ तौर पर कहा कि वह भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और दोनों सीटों से टिकट की मांग करेंगे, हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का ही होगा। उनके इस कदम ने खानपुर और लक्सर दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से गरमा दिया है। अब देखना यह होगा कि पार्टी नेतृत्व उनके इस रुख पर आने वाले समय में क्या निर्णय लेता है।