Report by : कालू वर्मा
Published at :
Urmila Sanawar

हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर किया गिरफ्तार। 5 करोड़ की मांग और धमकी का है मामला।

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर की गई है। शिकायत में अभिनेत्री पर सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दीपिका राठौर ने रानीपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उर्मिला सनावर लगातार उनके और उनके परिवार के खिलाफ मानहानिकारक और आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर रही हैं। आरोप यह भी है कि व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बनाया गया तथा पांच करोड़ रुपये की मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया। एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने रविवार को सहारनपुर में दबिश देकर आरोपी अभिनेत्री को दबोच लिया। पुलिस ने मामले से जुड़ा मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। एसपी सिटी दीपक सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। उर्मिला सनावर का नाम पहले भी कुछ अन्य विवादों और चर्चाओं से जुड़ा रहा है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›