हरिद्वार के शहर कोतवाली क्षेत्र में 11 महीने की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोपी की तलाश जारी है
हरिद्वार। मानवता को शर्मसार करने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में 11 महीने की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने गंभीर हालत में पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला एक परिवार हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। कुछ दिन पहले ही बिहार के भागलपुर का रहने वाला सौरभ भी इसी फैक्ट्री में काम करने के लिए आया था और उसने पास ही में एक कमरा किराए पर लिया हुआ था। रविवार देर रात जब बच्ची रो रही थी और उसकी मां रसोई में खाना बना रही थी, तब आरोपी सौरभ वहां पहुंचा।
आरोप है कि सौरभ ने रोती हुई मासूम को चुप कराने के बहाने उसकी मां से गोद में ले लिया और अपने कमरे में ले गया। कुछ ही देर बाद बच्ची की तेज चीख-पुद सुनकर मां दौड़कर आरोपी के कमरे में पहुंची, जहां उसने मासूम को बदहवास हालत में पाया। मां को देखते ही आरोपी मौका पाकर वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया।
शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाने की उम्मीद है। पुलिस इस संवेदनशील मामले की गहनता से जांच कर रही है।