अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टर संगीता राणा के जिम का हरिद्वार में पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने उद्घाटन किया। जानें इस खास कार्यक्रम की मुख्य बातें।
हरिद्वार। शिवालिक नगर के डी-क्लस्टर में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर और तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित संगीता राणा द्वारा स्थापित ‘संगीता राणा चैंपियंस जिम’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस जिम का उद्घाटन भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए खेल, व्यायाम और शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है।
डॉ. निशंक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संगीता राणा ने अपनी खेल उपलब्धियों को केवल व्यक्तिगत सफलताओं तक सीमित न रखकर युवाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। यह जिम क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति ही देश का आदर्श नागरिक बनने की क्षमता रखता है। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद योग प्राचार्या व लेखिका चेतन्या सिखोला ने गैर-ओलंपिक खेलों के खिलाड़ियों के लिए भी खेल उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिम संस्थापक संगीता राणा ने बताया कि उनका यह आधुनिक मशीनों से लैस जिम फिटनेस के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के पावरलिफ्टर तैयार करने में भी मदद करेगा।
उद्घाटन समारोह का संचालन श्रीजा त्रिपाठी ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक अरुण कुमार पाठक ने सभी अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेयर किरण जैसल, बॉडी बिल्डिंग विश्व विजेता कपिल गुज्जर, राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि और एसडीएम राहुल सिंह सहित समाज के कई गणमान्य लोग व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।