हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हुआ। सीएम पुष्कर सिंह धामी व संतों ने श्रद्धांजलि दी।
हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि माता का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ स्वर्गीय सावित्री देवी का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने पूरे सम्मान के साथ मुखाग्नि दी। इस दुखद घड़ी में संत समाज से स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, श्रीमहंत रविंद्र पुरी और स्वामी चिदानंद सरस्वती सहित कई प्रमुख संतों ने पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित की।
अंतिम दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, रवि किशन और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। इसके अलावा उत्तराखंड के कई कैबिनेट मंत्री, यूपी सरकार के मंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत पुण्यात्मा को नमन किया।
हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर उमड़े जनसमूह, संतों और जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से स्वर्गीय सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।