हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी की छात्रा ने अतिथि शिक्षक पर छेड़खानी का आरोप लगाया। गुस्साए छात्रों ने शिक्षक की पिटाई कर पुलिस को सौंपा।
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज (MBPG College) में सोमवार को एक अतिथि शिक्षक पर बीएससी की छात्रा ने छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया। इस घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के छात्र भड़क गए और उन्होंने परिसर में जमकर हंगामा किया। गुस्साए छात्रों ने आरोपी शिक्षक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि तीन नवंबर को विभाग में जाते समय अतिथि शिक्षक ने उसकी पीठ और कमर पर गलत तरीके से हाथ लगाया था। दीपावली की छुट्टियों के कारण उसने उस समय किसी से शिकायत नहीं की थी। सोमवार को कॉलेज पहुंचने पर छात्रा ने अपने सहपाठियों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित छात्रों ने आरोपी शिक्षक को कॉलेज परिसर में घेर लिया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई और छात्रों ने शिक्षक की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से बचाकर शिक्षक को थाने ले गई। छात्रा भी परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची और शिक्षक के खिलाफ लिखित तहरीर दी।
कोतवाली में आरोपी शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफीनामा दिया और इस घटना को गलतफहमी बताया। शिक्षक के माफी मांगने के बाद छात्रा ने अपनी शिकायत वापस ले ली। एसएचओ विजय मेहता ने पुष्टि की कि छात्रा ने आगे की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने कहा कि प्रशासन इस मामले की गंभीरता से विभागीय जांच करेगा।