हल्द्वानी में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ जन जागरण मार्च निकला। विधायक सुमित हृदयेश बोले- मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
हल्द्वानी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ जनजागरण मार्च निकाला। बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक निकले इस मार्च में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और इसे काले दिवस के रूप में मनाया।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। वोट की ताकत से खिलवाड़ सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब निर्वाचन आयोग को देना चाहिए।
सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ रही है। लेकिन इस लोकतांत्रिक संघर्ष को भाजपा दबाने का प्रयास कर रही है। महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि अनुच्छेद 326 के तहत मिले मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाएंगे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करने के लिए घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। निष्पक्ष चुनाव प्रणाली ही देश के लोकतंत्र को मजबूत बना सकती है। इसलिए यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
मार्च में प्रदेश उपाध्यक्ष मधु सांगुड़ी, प्रदेश महासचिव भागीरथी बिष्ट, प्रदेश सचिव हिमांशु जोशी और कई स्थानीय पार्षद तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
