हल्द्वानी के बिंदुखत्ता में पत्नी से कहासुनी के बाद युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित।
हल्द्वानी। बिंदुखत्ता क्षेत्र के घोड़ानाला इलाके में मंगलवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पत्नी के साथ हुई कहासुनी के बाद युवक ने कथित तौर पर कमरे के अंदर खुद को बंद कर लिया और फंदे पर लटक गया। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बरेली के फरीदपुर निवासी 37 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ महीनों से अपनी ससुराल में रहकर रोजगार की तलाश कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम किसी घरेलू बात को लेकर राजेश का अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ दिया। अंदर राजेश का शव फंदे से लटका मिला, जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस को इस संबंध में कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, और मामले की जांच की जा रही है।