Report by : Paras Bisht
Published at :
InShot 20261103 171811824

हल्द्वानी में नगर निगम ने शनि बाजार रोड और बनभूलपुरा में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अवैध निर्माण और जर्जर सामुदायिक भवन को ध्वस्त कर रास्ता कराया गया साफ।

हल्द्वानी। शहर में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर कड़ा रुख अपना लिया है। मंगलवार को नगर निगम की टीम ने शहर के शनि बाजार रोड और बनभूलपुरा इलाके में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस अभियान का नेतृत्व खुद नगर आयुक्त परितोष वर्मा कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान शनि बाजार रोड के मोड़ पर किए जा रहे अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम और प्राधिकरण की टीम ने एक दिन पहले ही संबंधित व्यक्ति को निर्माण कार्य रोकने की कड़ी हिदायत दी थी। चेतावनी के बावजूद निर्माण जारी रखा गया और वहां स्थित बिजली ट्रांसफार्मर को भी घेर लिया गया था।
इसके बाद निगम की टीम ने बनभूलपुरा में ताज मस्जिद के पास रास्ते में किए गए अतिक्रमण को हटाया। वहां कुछ लोगों द्वारा सड़क पर अवरोध पैदा किया गया था, जिसे हटाकर आम जनता के लिए आवागमन पूरी तरह सुगम बनाया गया। इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है।
अभियान के दौरान वार्ड संख्या 23, नई बस्ती में स्थित निगम के पुराने सामुदायिक भवन को भी ध्वस्त कर दिया गया। यह भवन काफी जर्जर हो चुका था और असामाजिक तत्वों द्वारा नशे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए इस खतरनाक ढांचे को ढहाना बेहद जरूरी था।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट कहा है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सामुदायिक भवन हटने से खाली हुई निगम की जमीन पर जल्द ही विकास की विस्तृत योजनाएं लागू की जाएंगी। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›