Paras Bisht

हल्द्वानी में त्योहारों से पहले प्रशासन अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त हो गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने मुनादी और चालानी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

हल्द्वानी। त्योहारों के सीजन में हल्द्वानी के मुख्य बाजारों में बढ़ती भीड़ और भीषण जाम की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बाजार क्षेत्र में सड़कों और फुटपाथों पर दुकानों के फैलाव व अवैध व्यापार की लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण विरोधी अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यापारियों को पहले भी कई बार सीमाओं का पालन करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद बाजार की मुख्य पटरियों और आवागमन के रास्तों पर बार-बार दुकानें सजा ली जाती हैं। इस स्थिति में सुधार न होने के कारण अब प्रशासन को सख्त रुख अपनाना पड़ रहा है।
प्रशासनिक योजना के तहत नगर निगम की ओर से पूरे बाजार क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराई जाएगी। मुनादी के दौरान दुकानदारों से स्वेच्छा से सड़कों और पटरियों से कब्जा हटाने की अपील की जाएगी। यदि तय समय सीमा के भीतर स्थिति में बदलाव नहीं आया, तो नगर निगम और पुलिस टीम के साथ मिलकर संयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने चेतावनी दी है कि इस बार केवल चेतावनी देकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि नियम तोड़ने वालों का सामान जब्त कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। स्थानीय व्यापारियों ने भी मांग की है कि अभियान में निष्पक्षता बरती जाए ताकि त्यौहार के समय खरीदारी करने आ रही आम जनता को जाम से राहत मिल सके।