Paras Bisht

हल्द्वानी के बनभूलपुरा में उत्तराखंड एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई। 190 नशीले इंजेक्शन बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार। जानिए पूरी खबर।

हल्द्वानी। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के संकल्प के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊँ यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बनभूलपुरा क्षेत्र में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय अभियुक्त अदनान कुरैशी को पकड़ा। उसकी तलाशी लेने पर कुल 190 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए, जिनमें 95 बुप्रेनॉरफिन और 95 एविल इंजेक्शन शामिल हैं। यह आरोपी क्षेत्र में अवैध रूप से नशे की खेप सप्लाई करने का काम कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के निर्देशों पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इस मामले में पुलिस आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि यह प्रतिबंधित इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और इन्हें किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
एसटीएफ की इस सफलता पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। एसटीएफ ने युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।