हल्द्वानी में सारथी फाउंडेशन समिति ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के साथ दिवाली मनाई। मिठाइयां व उपहार बांटकर चेहरे पर लाई मुस्कान।
हल्द्वानी। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी संस्था सारथी फाउंडेशन समिति ने इस वर्ष भी दिवाली का त्योहार अनूठे अंदाज में मनाया। संस्था ने हर साल की तरह परंपरा को निभाते हुए मेहनती और जरूरतमंद परिवारों के साथ दिवाली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम मुखानी रोड स्थित माँ जगदम्बा बैंक्वेट हॉल में सादगी और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
आयोजन के दौरान संस्था द्वारा पहले से चिह्नित गरीब और जरूरतमंद परिवारों को दिवाली के उपहार वितरित किए गए। उपहार स्वरूप परिवारों को मोमबत्ती, मिठाइयां, खिलौने, खील-बताशे, जूस, चिप्स, नमकीन और बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई। त्यौहार से पहले यह उपहार पाकर सभी जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और उन्होंने संस्था का हृदय से आभार जताया।
इस मौके पर सारथी फाउंडेशन समिति के अध्यक्ष नवीन पंत ने सभी उपस्थित परिवारों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और उपहार पैकेट सौंपे। वहीं संस्था के सचिव ज्ञानेंद्र जोशी ने कहा कि जरूरतमंदों का आशीर्वाद ही संस्था की असली पूंजी है। उन्होंने बताया कि समिति हर साल अपनी दिवाली मनाने से पहले इन परिवारों के साथ खुशियां बांटती है, ताकि त्योहार की चमक हर घर तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से सरोज आनंद जोशी, गिरीश चंद्र लोहनी, गीता बेलवाल, हेमा जोशी, मीना साही और पूजा पंत सहित कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। उपस्थित सभी लोगों ने जरूरतमंदों को त्योहार की अग्रिम बधाई देते हुए समाज के अन्य वर्गों से भी असहाय लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।