हल्द्वानी में त्योहारों पर ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए 6 से 8 नवंबर तक रूट डायवर्जन लागू। जानिए नए रूट, पार्किंग स्थल और ऑटो स्टैंड।
हल्द्वानी। शहर में आगामी त्योहारों के दौरान बाजार में उमड़ने वाली भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। आगामी 6, 7 और 8 नवंबर को बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर विशेष सख्ती बरती जाएगी। इस दौरान सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक बाजार डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। वहीं सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक छोटे-बड़े सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों की शहर में एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, तेल, गैस और सब्जियों के वाहनों को भी केवल बाईपास से ही गुजारा जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मंगल पड़ाव, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, ओके होटल चौराहा और ताज चौराहा से किसी भी दोपहिया या चारपहिया वाहन को मुख्य बाजार में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके अलावा रामपुर रोड पर टीपी नगर तिराहा, बरेली रोड पर होंडा शोरूम तिराहा और कालाढूंगी रोड पर लालडॉट तिराहा से रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को भी तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार, नारीमन तिराहा और पनचक्की वाले वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया है।
बाजार में खरीदारी करने आने वाले आम नागरिकों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। नैनीताल व कालाढूंगी रोड से आने वाले दोपहिया वाहन मिनी स्टेडियम, हीरानगर के लक्ष्मी शिशु मंदिर और पर्वतीय उत्थान मंच पर खड़े होंगे। नैनीताल रोड और रेलवे बाजार के वाहनों के लिए रामलीला मैदान व रेलवे स्टेशन परिसर में व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त बरेली रोड के वाहन मंगल पड़ाव और रामपुर रोड के वाहन एचएन इंटर कॉलेज मैदान में पार्क किए जाएंगे। सरस बाजार और सिंधी स्वीट्स पार्किंग केवल स्थानीय व्यापारियों के लिए आरक्षित रहेगी।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ऑटो और मैजिक स्टैंड के स्थानों में भी फेरबदल किया गया है। कालाढूंगी चौराहा व भोलानाथ स्टैंड के ऑटो अब जेल रोड तिराहा से संचालित होंगे, जबकि ओके होटल स्टैंड के ऑटो बर्फ वाली गली से मिलेंगे। सिंधी स्वीट्स और सरगम स्टैंड के ऑटो-मैजिक एचएन इंटर कॉलेज (रामपुर रोड) से चलेंगे। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का प्रयोग करें और असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें।