हल्द्वानी
हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेला 2026: MB इंटर कॉलेज में सजेंगे 250 स्टॉल
हल्द्वानी में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय सरस मेला लगेगा। विकास भवन में तैयारियों की बैठक संपन्न, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश।
हल्द्वानी। एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तर के ‘सरस मेले 2026-27’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस 10 दिवसीय मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए लगभग 250 स्टॉल लगाए जाएंगे।
आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को विकास भवन भीमताल में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत, अग्निशमन और कचरा प्रबंधन जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए।
मेले के सुचारू संचालन के लिए एक केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिसमें पुलिस, लोनिवि, जल संस्थान और फायर ब्रिगेड समेत प्रमुख विभागों के प्रतिनिधि तैनात रहेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को 30 अक्टूबर से पहले मेले से जुड़ी सभी निविदा (टेंडर) प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।
मेले में आने वाली संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस और परिवहन विभाग मिलकर यातायात व पार्किंग प्लान तैयार करेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर और एम्बुलेंस की तैनाती की जाएगी, जबकि नगर निगम साफ-सफाई की जिम्मेदारी संभालेगा। सांस्कृतिक संध्याओं के आयोजन के लिए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को नोडल बनाया गया है।




