Report by : CWN Desk
Published at :
IMG ff6719cb 8291 494f a5b1 97c5ad5c4dd7

रामनगर के मुख्य बाजार में खरीदे गए गुड़ के भीतर मरा हुआ मेंढक मिलने से मचा हड़कंप। खाद्य सुरक्षा विभाग ने चार दुकानों की चेकिंग कर लिए 5 नमूने

रामनगर। मुख्य बाजार की एक दुकान से खरीदे गए गुड़ के अंदर मरा हुआ मेंढक मिलने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्राहकों और व्यापारियों के बीच हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए बुधवार को शहर के विभिन्न बाजारों में औचक निरीक्षण किया और गुड़ के नमूने जांच के लिए भेजे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय होटल कारोबारी की मां ने मंगलवार देर शाम मुख्य बाजार की एक दुकान से गुड़ खरीदा था। जब वह घर पहुंचकर गुड़ को तोड़ने के बाद डिब्बे में रख रही थीं, तभी उनकी नजर गुड़ के अंदर फंसे एक मरे हुए मेंढक पर पड़ी। इस अस्वास्थ्यकर और खतरनाक लापरवाही की जानकारी तुरंत संबंधित दुकानदार को दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग को जब इस घटना की भनक लगी तो प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में विभाग की टीम ने बुधवार को रामनगर के बजाजा लाइन, कसेरा लाइन, ज्वाला लाइन और कोसी रोड क्षेत्र की कई दुकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अधिकारियों ने संबंधित दुकान से गुड़ के कुल पांच नमूने (सैंपल) भरकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह की घटनाएं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर बड़े सवाल खड़े करती हैं। स्थानीय नागरिकों और उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों और आम दिनों में बिकने वाले खुले खाद्य पदार्थों की नियमित रूप से गुणवत्ता जांच की जाए, ताकि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर लगाम कसी जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›