Report by : CWN Desk
Published at :
c3a0a61d 9430 46e0 bb85 ada25f32a9d5 1791461356525

केदारनाथ। बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने गुरुवार सुबह विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। श्राद्ध पक्ष के पावन अवसर पर उन्होंने अपने पूर्वजों की स्मृति में विशेष पूजा-अर्चना की और बाबा केदार का आशीर्वाद प्राप्त किया। धाम के तीर्थ पुरोहित हिमांशु तिवारी और पंकज शुक्ला ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।
मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद रानी मुखर्जी ने धाम में काफी समय बिताया। उन्होंने केदारनाथ की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और शांत हिमालयी वातावरण का आनंद लिया। धाम की दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा को महसूस कर अभिनेत्री बेहद प्रसन्न दिखाई दीं।
बाबा केदारनाथ की नगरी की प्रशंसा करते हुए रानी मुखर्जी ने कहा कि यह स्थान किसी स्वर्ग के समान है। उन्होंने साझा किया कि यहां पहुंचकर उन्हें मन की अपार शांति का अनुभव हुआ है। केदारनाथ धाम का वातावरण और इसकी आध्यात्मिक शक्ति वाकई अद्भुत और अद्वितीय है।
तीर्थ पुरोहित हिमांशु तिवारी ने बताया कि पूजा के दौरान अभिनेत्री ने स्थानीय व्यवस्थाओं और धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। रानी मुखर्जी के केदारनाथ पहुंचने की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों और प्रशंसकों में काफी उत्साह देखा गया। श्राद्ध पक्ष में पूर्वजों की स्मृति में की गई यह पूजा उनकी गहरी धार्मिक आस्था को दर्शाती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›