CWN Desk

हल्द्वानी के तल्ली बमौरी में पीलिया से पीड़ित MBPG कॉलेज की छात्रा सुहानी पंत की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूषित पानी की सप्लाई पर प्रशासन ने जांच शुरू की है।

हल्द्वानी। शहर में दूषित पानी की आपूर्ति के कारण फैल रही बीमारियों ने अब एक होनहार छात्रा की जान ले ली है। ज्योलीकोट के बाद अब शहर के तल्ली बमौरी क्षेत्र में पीलिया (Jaundice) का प्रकोप देखने को मिला है। यहाँ रहने वाली एमबीपीजी कॉलेज की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा सुहानी पंत की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में जल संस्थान और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ गहरा रोष फैल गया है।
मूल रूप से पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट की रहने वाली सुहानी पंत तल्ली बमौरी स्थित दुर्गा कॉलोनी में अपनी बुआ आशा जोशी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थीं। परिजनों के अनुसार पिछले कुछ समय से सुहानी का स्वास्थ्य खराब चल रहा था। स्थानीय लैब में जांच कराने पर उसमें पीलिया की पुष्टि हुई थी। जब उनकी हालत में लगातार गिरावट आने लगी तो उन्हें बेहतर उपचार के लिए बरेली के श्री राममूर्ति स्मारक अस्पताल ले जाया गया। वहाँ तीन दिनों तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद सुहानी ने दम तोड़ दिया।
इस दुखद खबर के सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रश्मि पंत ने तुरंत मामले की गंभीरता को समझा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम की जांच करा रहा है। इसके साथ ही तल्ली बमौरी क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायतों पर जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर पानी के सैंपलों की लैब जांच शुरू कराई जाएगी। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गंदे पानी की सप्लाई हो रही थी, जिसकी अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने और खान-पान में साफ-सफाई रखने की अपील की है। हल्द्वानी शहर में लगातार बढ़ रहे पीलिया के मामलों ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और शुद्ध पेयजल वितरण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।