हल्द्वानी के राजपुरा रैन बसेरा धोबी घाट में आयोजित निःशुल्क मैरीना मैमोरियल मेडिकल कैंप में 232 मरीजों का नि:शुल्क इलाज हुआ। जानिए पूरी जानकारी।
हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित राजपुरा रैन बसेरा धोबी घाट के समीप निःशुल्क मैरीना मैमोरियल मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना था। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ पूर्व राज्य मंत्री ललित जोशी, पार्षद प्रीति आर्या तथा पार्षद मुन्नी कश्यप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस एकदिवसीय फ्री मेडिकल कैंप में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में पहुंचे कुल 232 मरीजों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाइयां भी बिना किसी शुल्क के वितरित की गईं। विशेषज्ञों ने मरीजों को मौसमी बीमारियों से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों को व्यापक चिकित्सकीय सुविधाएं प्रदान की गईं। इनमें मुख्य रूप से दांतों और आंखों की जांच, हड्डी-जोड़ रोग का उपचार, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड प्रेशर (BP), शुगर तथा दिल की जांच (ECG) शामिल रही। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को गंभीर बीमारियों के लक्षण और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी।
युवा नेता हेमंत साहू ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे सामाजिक आयोजन किए जाते हैं। वहीं LEAF संस्था की संस्थापक श्रीमती हेमलता जेकब एवं श्री जेकब जूलियस ने बताया कि संस्था आगे भी जरूरतमंद वर्गों के लिए ऐसे जनकल्याणकारी शिविर आयोजित करती रहेगी।
