राम सिंह, अल्मोड़ा

अल्मोड़ा जनपद में छूटे मतदाताओं के लिए 8 से 10 अक्टूबर तक विशेष शिविर लगेंगे। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और फॉर्म-6 भरवाएंगे। जानिए पूरी जानकारी।

अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची से छूटे हुए पात्र नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन ने छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए एक व्यापक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर 08 से 10 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंटों (BLA) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने भाग लिया। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
विशेष शिविरों के दौरान बीएलओ वर्तमान निर्वाचक नामावली का मिलान पुनरीक्षण से पूर्व की मतदाता सूची से करेंगे। जिन नागरिकों के नाम पुरानी सूची में थे लेकिन वर्तमान सूची में नहीं दिख रहे हैं, उनकी बूथवार सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने पर नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाएंगे।
इस विशेष अभियान के दौरान पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीकरण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों और वंचित वर्ग के लोगों के लिए भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। हाल ही में 03 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम सूची के अनुसार अल्मोड़ा जनपद में कुल 4,76,536 पंजीकृत मतदाता दर्ज हैं।