ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला में ग्रेटर नोएडा निवासी रिजार्ट संचालक नीरज गुप्ता ने गंगा में छलांग लगाई। 5 पेज का सुसाइड नोट मिलने पर दो पर मुकदमा दर्ज
ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा निवासी और गंगा भोगपुर स्थित पनांबी रिजार्ट एंड स्पा के संचालक नीरज गुप्ता (52) पांच पन्ने का सुसाइड नोट छोड़कर संदिग्ध परिस्थितियों में गंगा में कूद गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गंगा किनारे संचालक की घड़ी और जूते बरामद हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने नीरज गुप्ता को गंगा में छलांग लगाते देखा था। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम फिलहाल गंगा नदी में उनकी तलाश कर रही है।
नीरज की पत्नी विनीता गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में हरिद्वार निवासी दो कारोबारियों, रवि बजाज और गगन बत्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रिजार्ट की लीज और पास ही खरीदी गई छह बीघा जमीन के विवाद को लेकर दोनों आरोपी उनके पति को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि मृतक के 5 पेज के सुसाइड नोट और पत्नी की तहरीर के आधार पर दोनों कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी में जुटी है।