CWN Desk

कोटद्वार में गलत संगति के चलते बेटे ने अपने ही घर में चोरी की। पुलिस ने आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर 20 लाख रुपये के गहने बरामद किए।

पौड़ी गढ़वाल। जिले के कोटद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपने ही घर में सेंध लगाकर मां के लाखों रुपये के जेवर पार कर दिए। पीड़िता अनीता देवी निवासी बालासौड़ की तहरीर पर कोटद्वार पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली। फुटेज और जांच में स्पष्ट हुआ कि पीड़िता के बेटे दीपांशु राजपूत ने ही इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की लोकेशन राजस्थान में ट्रैक की। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपांशु राजपूत को झालूपुरा, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने शौक और गलत संगति के खर्चे पूरे करने के लिए चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें 10.50 तोला सोना और 891 ग्राम चांदी शामिल है। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।