Report by : CWN Desk
Published at :
orig 1 1669678445

कोटद्वार के यमकेश्वर ब्लॉक में लंगूर के हमले से गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय बच्चे की एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्रामीणों में आक्रोश।

कोटद्वार। यमकेश्वर ब्लॉक के ठांगर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ननिहाल आए 12 साल के बच्चे पर एक आक्रामक लंगूर ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान एम्स ऋषिकेश में बच्चे की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागौड़ गांव निवासी शिवांश पुत्र सतीश कुछ दिन पहले अपने नाना के घर ठांगर गांव आया हुआ था। बीते 9 अक्टूबर को वह ठांगर बाजार से कुछ सामान लेने गया था। जब वह वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में एक लंगूर ने उसके सिर पर अचानक छलांग लगा दी। इस हमले में बच्चा गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर पहुंचाया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। एम्स में डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों और लंगूरों का आतंक बना हुआ है, जिसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›