उत्तराखंड के हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने पार्टी के भीतर जान का खतरा और फोन हैकिंग का आरोप लगाया है। गैरसैंण सत्र में आत्मदाह की चेतावनी से सियासी हड़कंप।
हल्द्वानी। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी ही पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाकर उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल ला दिया है। विधायक ने अपनी और अपने परिवार की जान को बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ लोग उनकी हत्या करवाना चाहते हैं और उनकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुमित हृदयेश अपनी दिवंगत मां और पूर्व मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान वे खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस गैरसैंण विधानसभा भवन का निर्माण उनकी मां और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने करवाया था, वे उसी पवित्र भवन में अपनी जान दे देंगे।
विधायक ने प्रदेश में एक सक्रिय ‘हैकिंग गैंग’ के सक्रिय होने का भी पर्दाफाश किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं के फोन हैक किए जा रहे हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उनकी निजी बातचीत के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले ही मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों से की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताई है।
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सुमित हृदयेश के बयानों को अत्यंत चिंताजनक बताया है। हरीश रावत ने उन्हें धैर्य और संयम रखने की सलाह दी है तथा मुश्किल समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद राज्य का सियासी पारा काफी चढ़ गया है।
