Report by : CWN Desk
Published at :
dubne

हरिद्वार के बैरागी कैंप में गंगा के तेज बहाव में बोलेरो गाड़ी समेत तीन लोग बह गए। SDRF ने 2 युवकों को बचाया, जबकि चमोली निवासी चालक की तलाश जारी है।

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार देर शाम कनखल क्षेत्र के बैरागी कैंप में गंगा के अचानक तेज हुए बहाव में बोलेरो वाहन समेत तीन लोग बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ जल पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और तुरंत बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को गंगा की तेज धाराओं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, बोलेरो चालक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। हादसे का शिकार हुए तीनों लोग उत्तराखंड के चमोली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें लगातार नदी में लापता चालक की तलाश कर रही हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बैरागी कैंप में अर्द्धकुंभ मेले के काम में लगे मजदूरों ने गंगा में वाहन बहने की सूचना दी थी। जांच में पता चला कि बोलेरो चालक पुष्कर सिंह सोनप्रयाग से सवारियां छोड़कर हरिद्वार आया था। इसके बाद वह अपने दो साथियों, हिमांशु रावत और राकेश सिंह के साथ वाहन को धोने के लिए गंगा के पानी में उतरा था।
वाहन धोने के दौरान ही नदी का जलस्तर और बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे तीनों वाहन समेत गहरे पानी में बहने लगे। बचाए गए दोनों युवकों का इलाज किया जा रहा है। कनखल थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) अनुज सिंह ने बताया कि लापता चालक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उसकी खोज में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›