Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261101 WA0001

हरिद्वार DPS रानीपुर की छात्रा सुदीक्षा सिंह ने लेखक गाँव महोत्सव में CM पुष्कर सिंह धामी को हस्तनिर्मित पोर्ट्रेट भेंट किया। जानें पूरी खबर।

हरिद्वार। उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार की होनहार छात्रा सुदीक्षा सिंह ने अपनी असाधारण कला प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन किया है। थानों स्थित लेखक गाँव में आयोजित पाँच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साहित्य, संस्कृति एवं कला महोत्सव-2026 के समापन सत्र में दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) रानीपुर की 12वीं की छात्रा सुदीक्षा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनका भव्य पोर्ट्रेट भेंट किया। अटल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में सुदीक्षा की कलाकृति को देख मुख्यमंत्री और मंच पर मौजूद सभी दिग्गजों ने उनकी जमकर सराहना की।
न्यू शिवालिक नगर निवासी सुदीक्षा सिंह ने स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के सचिव बालकृष्ण चमोली की पहल पर यह आकर्षक चित्र तैयार किया था। इस गौरवपूर्ण अवसर पर मंच पर पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टामटा और विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित थे। महोत्सव में लगभग 60 से अधिक देशों के शिक्षाविदों और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने हिस्सा लिया, जिनके सामने सुदीक्षा ने हरिद्वार का मान बढ़ाया।
सुदीक्षा बचपन से ही चित्रकला के क्षेत्र में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाती रही हैं। इससे पूर्व कक्षा 9 में अध्ययन के दौरान उनकी एक पेंटिंग का चयन सीबीएसई (CBSE) के राष्ट्रीय स्तर के ‘इंस्पायर’ कार्यक्रम में हुआ था। वह यह सम्मान पाने वाली उत्तराखंड की तीसरी छात्रा बनी थीं। इसके अलावा हाल ही में डीपीएस रानीपुर एमयूएन (MUN) के इंटरनेशनल प्रेस कैरिकेचर कमेटी में भी उन्हें ‘बेस्ट डेलीगेट’ के खिताब से नवाजा गया था।
सुदीक्षा की मां कंचन प्रभा गौतम, जो स्वयं एक जानी-मानी कवयित्री और लेखिका हैं, ने बताया कि सुदीक्षा भविष्य में कला और रचनात्मकता को ही अपना करियर बनाना चाहती हैं। सुदीक्षा की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। उनकी यह सफलता राज्य की अन्य युवा प्रतिभाओं को भी अपनी कला और जुनून के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›