Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261031 WA0000

लेखक गाँव थानों में आयोजित साहित्य महोत्सव में युवा पत्रकार सचिन पालीवाल की काव्य पुस्तक ‘तू हीर मेरी’ का डॉ० निशंक और बाबा रामदेव ने विमोचन किया

देहरादून। जिले के थानों स्थित ‘लेखक गाँव’ में आयोजित तृतीय अंतरराष्ट्रीय लेखक गाँव साहित्यिक, सांस्कृतिक व कला महोत्सव-2026 के दौरान हरिद्वार के प्रतिभावान युवा पत्रकार एवं लेखक सचिन पालीवाल के श्रृंगार रस से सराबोर काव्य संकलन ‘तू हीर मेरी’ का भव्य लोकार्पण किया गया। इस विशेष अवसर पर साहित्य, संस्कृति और योग जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने मंच पर शिरकत की।
पुस्तक का विमोचन भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा योगगुरु बाबा रामदेव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में लेखक गाँव की निदेशक विदुषी निशंक, प्रसिद्ध हास्य कवि डॉ. अशोक चक्रधर, लंदन से आए प्रवासी साहित्यकार तेजेंद्र शर्मा और चेतना पथ के संपादक अरुण कुमार पाठक सहित देश-विदेश से पधारे अनेक गणमान्य साहित्यकार उपस्थित रहे।
विमोचन समारोह के दौरान लेखक सचिन पालीवाल ने बताया कि उनकी यह कृति पाठकों को प्रेम और श्रृंगार रस की नई अनुभूतियों से जोड़ेगी। उन्होंने यह भी साझा किया कि उनकी एक और नई पुस्तक का प्रकाशन जल्द ही प्रस्तावित है, जो शीघ्र पाठकों के हाथों में होगी। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने उनकी इस साहित्यिक उपलब्धि की जमकर सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि युवा पत्रकार सचिन पालीवाल को हाल ही में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया था। उन्हें एम.ए. पत्रकारिता एवं जनसंचार में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल ले.ज. (से.नि.) गुरमीत सिंह द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया था। उनकी इस नई पुस्तक के विमोचन से हरिद्वार और संपूर्ण प्रदेश के साहित्यिक हलकों में खुशी का माहौल है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›