देहरादून के गांधी पार्क में अंकिता भंडारी के माता-पिता ने चैट सार्वजनिक होने पर मुकदमा दर्ज न होने के खिलाफ धरना शुरू किया। हरीश रावत भी समर्थन में पहुंचे।
देहरादून। गांधी पार्क में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनके माता-पिता बुधवार दोपहर धरने पर बैठ गए। कुछ दिन पहले हरिद्वार में अंकिता की चैट सार्वजनिक की गई थी। इस मामले में अब तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने आंदोलन शुरू किया है।
अंकिता के माता-पिता ने पुलिस प्रशासन पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि चैट सार्वजनिक करने वाले विनोद आर्य के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी हो। इसके साथ ही परिजनों ने मामले में चर्चित कथित वीआईपी के नाम का खुलासा करने की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि वे कई दिनों से शिकायत दर्ज कराने के लिए भटक रहे हैं।
धरने को समर्थन देने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कई कांग्रेस नेता भी गांधी पार्क पहुंचे। उन्होंने अंकिता के माता-पिता के साथ बैठकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। अंकिता की माता ने कहा कि उनकी बेटी की चैट को गलत तरीके से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है। उन्होंने अंकिता के मोबाइल फोन की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई है।
परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कार्रवाई के लिए समय मांगा था, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। यह लड़ाई केवल एक बेटी की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों के सम्मान की है। प्रशासन अब पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।



