नैनीताल दुग्ध संघ के अधिवेशन में फरवरी से दूध खरीद मूल्य 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने का ऐलान। 34 हजार पशुपालकों को मिलेगा सीधा लाभ, 295 करोड़ का बजट मंजूर
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में पशुपालकों के लिए बड़ी घोषणा हुई। संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाने का ऐलान किया। अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का वार्षिक बजट भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस फैसले से 710 दुग्ध समितियों के करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने किया। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों की आय बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अधिवेशन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों, समिति सचिवों और विक्रेताओं को सम्मानित किया गया। कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि के चेक बांटे गए। महिला वर्ग, आठ विकासखंडों के उत्पादकों और बिंदुखत्ता के पशुपालकों को प्रोत्साहन राशि दी गई।
सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ के कार्यों की सराहना की और सहकारी संस्थाओं को मजबूत बताने पर जोर दिया। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी में जल्द आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इस निर्णय से पशुपालकों में उत्साह है और शहरवासियों को बेहतर दुग्ध उत्पाद मिलने की उम्मीद बढ़ी है।



