उधमसिंह नगर

किच्छा से भाजपा के पूर्व नेता गफ्फार खान गिरफ्तार, बरेली दंगों में हथियार सप्लाई का आरोप

किच्छा में यूपी की बहेड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान पति और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गफ्फार खान को गिरफ्तार किया है।

किच्छा। उत्तराखंड के किच्छा में उत्तर प्रदेश की बहेड़ी पुलिस टीम ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सादे कपड़ों में पहुंची यूपी पुलिस ने दरऊ ग्राम सभा की महिला प्रधान के पति गफ्फार खान को सरेबाजार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी गफ्फार खान पर बरेली दंगों में अवैध हथियारों की सप्लाई करने का बेहद गंभीर आरोप है। अचानक हुई इस नाटकीय गिरफ्तारी से पूरे इलाके के व्यापारिक बाजार में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला इसी साल फरवरी महीने का है। तब यूपी के बहेड़ी क्षेत्र में भारी मात्रा में हथियारों की खेप के साथ दो तस्कर पकड़े गए थे। पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने गफ्फार और उसके साथी समी के नाम का खुलासा किया था। आपको बता दें कि गफ्फार खान ग्राम दरऊ की प्रधान नाजिया का पति है। इसके अलावा वह पूर्व में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का जिलाध्यक्ष भी रह चुका है।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे यूपी पुलिस के पांच-छह जवान सादे कपड़ों में दो स्कॉर्पियो वाहनों से किच्छा के प्रधान मार्केट पहुंचे। उस समय आरोपी गफ्फार अपने कुछ साथियों के साथ बाजार में बैठा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करके उसे तुरंत दबोच लिया और जबरन अपनी गाड़ियों में बैठाकर उत्तर प्रदेश ले गए। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी अब इस पूरी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। किच्छा के कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि गफ्फार खान के खिलाफ यूपी की बहेड़ी कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसी सिलसिले में बुधवार को बहेड़ी पुलिस उसे नियमानुसार अपने साथ लेकर गई है। दूसरी तरफ, भाजपा जिला अध्यक्ष (रुद्रपुर) कमल जिंदल ने स्पष्ट किया है कि गफ्फार वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ नहीं है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Get In Touch

समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें –

संपादक: गुलाब सिंह
कार्यालय: बरेली रोड, हल्द्वानी (नैनीताल), उत्तराखंड
फोन: +91 97580 00035
ईमेल: [email protected]

To Top