पिथौरागढ़

बागेश्वर में गुलदार का कहर: मां के हाथ से चार साल के बच्चे को खींच ले गया, गधेरे में मिला शव

कांडा (बागेश्वर): बागेश्वर जिले के धरमधर वन रेंज की न्याय पंचायत रावतसेरा के माणा कभड़ा गांव में शनिवार रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। रात करीब साढ़े आठ बजे एक गुलदार घर के आंगन से मां के हाथ से उसके चार साल के बेटे नैतिक बोरा को झपटकर जंगल की ओर ले गया। शोर मचाने और ग्रामीणों के पीछा करने के बावजूद बच्चा नहीं बच पाया। कुछ देर की तलाश के बाद उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर एक गधेरे में मिला।

ग्राम प्रशासक ज्योति बोरा के अनुसार, गांव निवासी किशोर सिंह की पत्नी नीलम रात को भोजन बनाने के बाद अपने छोटे बेटे नैतिक को शौच के लिए आंगन में बने शौचालय ले जा रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और बच्चे को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर भाग गया। नीलम के शोर मचाने पर परिवार और गांव के लोग बाहर आए और गुलदार के पीछे भागे, लेकिन तब तक वह ओझल हो चुका था।

करीब आधे घंटे की तलाश के बाद नैतिक का शव एक खाई के पास गधेरे में मिला। उसके गले पर गुलदार के हमले के गहरे निशान थे। नैतिक गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता था और उसका बड़ा भाई पांचवीं का छात्र है।

वन विभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए टीम को पिंजरे के साथ मौके पर भेजा गया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने गुलदार को जल्द पकड़ने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Get In Touch

समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें –

संपादक: गुलाब सिंह
कार्यालय: बरेली रोड, हल्द्वानी (नैनीताल), उत्तराखंड
फोन: +91 97580 00035
ईमेल: [email protected]

To Top