CWN Desk

देहरादून में पार्षद अमिता सिंह के घर लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता। नेपाली गैंग का मददगार टैक्सी चालक दिनेश गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी फरार।

देहरादून। पार्षद अमिता सिंह के घर हुई बहुचर्चित लूट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देहरादून पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल शातिर नेपाली गैंग के एक सक्रिय सदस्य दिनेश कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है और वहां टैक्सी चलाने का काम करता है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी दिनेश कुमार टैक्सी चलाने की आड़ में अपने नेपाली साथियों के साथ मिलकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। पार्षद के घर हुई लूट के बाद मुख्य आरोपी नौकर भरत थापा और उसके अन्य साथियों को भागने में दिनेश ने ही अपनी टैक्सी से मदद की थी। इस काम के बदले उसे गैंग की तरफ से 50 हजार रुपये मिले थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के काम करने के तरीके का खुलासा किया। उसने बताया कि गैंग के सदस्य पहले लोगों के घरों में नौकर बनकर काम करते थे और फिर घर की पूरी रेकी करते थे। इसके बाद दिनेश अपनी टैक्सी के जरिए साथियों को घटनास्थल तक पहुंचाता था और वारदात के बाद सुरक्षित स्थान पर ले जाता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में शामिल मुख्य आरोपी नौकर भरत थापा और उसके अन्य साथी फिलहाल फरार चल रहे हैं। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही हैं। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।