कालू वर्मा

हरिद्वार में सक्षम की बैठक आयोजित। प्रांत अध्यक्ष ललित पंत ने 11 अक्टूबर को देहरादून में होने वाले प्रांत प्रशिक्षण वर्ग और नेत्रकुंभ 2027 की तैयारियों पर चर्चा की।

हरिद्वार। समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) की हरिद्वार जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के गंभीर मार्ग स्थित जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सक्षम के जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष सत्यदेव राठी ने किया। इस बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और समाज सेवा से जुड़ी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सक्षम के प्रांत अध्यक्ष ललित पंत ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास और स्वावलंबन का भाव जागृत करना है। उन्होंने जानकारी दी कि 11 अक्टूबर 2026 (रविवार) को देहरादून के झाझरा स्थित ‘धीमहि प्रकल्प’ में एक दिवसीय प्रांत प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त होगा।
प्रांत अध्यक्ष ने वर्ष 2027 में हरिद्वार अर्धकुंभ मेले के दौरान आयोजित होने वाले 40 दिवसीय ‘दिव्य नेत्रकुंभ’ की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि यह विश्व का सबसे बड़ा नेत्र चिकित्सा शिविर होगा, जो सेवा का एक महायज्ञ साबित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आयोजन में समर्पित भाव से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने आश्वस्त किया कि हरिद्वार जिला इकाई प्रांत प्रशिक्षण वर्ग में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी। साथ ही, आगामी नेत्रकुंभ की पूरी अवधि में जिला टीम अपनी शत-प्रतिशत सेवा प्रदान करेगी। बैठक में प्रांत युवा प्रमुख कमल पंत, जिला कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश, जिला महिला प्रमुख सीमा चौहान सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।