हरिद्वार के भूपतवाला में मैपिंग के दौरान IIT रुड़की का 40 लाख रुपये का ट्रिनिटी एफ-90 ड्रोन लापता हो गया। पुलिस तलाश में जुटी। पढ़ें पूरी खबर।
हरिद्वार। भूपतवाला क्षेत्र से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की का एक अत्याधुनिक ड्रोन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। करीब 40 लाख रुपये की लागत वाला यह ‘ट्रिनिटी एफ-90’ ड्रोन क्षेत्र में मैपिंग कार्य के लिए उड़ान भर रहा था। घटना के अगले दिन भी ड्रोन का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मिली जानकारी के अनुसार, आईआईटी रुड़की की टीम गुरुवार को भूपतवाला इलाके में ड्रोन के जरिए मैपिंग और सर्वेक्षण का काम कर रही थी। लगभग 100 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरते समय अचानक ड्रोन का संपर्क अपने नियंत्रण केंद्र से टूट गया। इस हाई-टेक ड्रोन में अत्याधुनिक कैमरे और महत्वपूर्ण पेलोड उपकरण लगे हुए थे।
घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा फैल गई कि इस ड्रोन का उपयोग आगामी अर्धकुंभ मेले की तैयारियों और सर्वेक्षण के लिए किया जा रहा था। हालांकि, मेला प्रशासन ने इन अफवाहों का तत्काल खंडन किया है। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्पष्ट किया कि अर्धकुंभ कार्यों के लिए किसी भी ड्रोन का उपयोग नहीं किया जा रहा है।
ड्रोन का संपर्क टूटने के बाद आईआईटी रुड़की की टीम ने स्थानीय स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद संस्थान की ओर से पुलिस में लिखित सूचना दर्ज कराई गई है। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस की टीमें संभावित इलाकों में ड्रोन की तलाश कर रही हैं।
उत्तराखंड के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इतने महंगे और हाई-टेक ड्रोन के गायब होने से सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से ड्रोन की आखिरी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
