आरोप, जायदाद अपने नाम करने का दबाव बनाती थी पत्नी, पुलिस जांच शुरू
रुद्रपुर। एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। आरोप है कि पत्नी ने उसकी पिटाई की, इसलिए उसने जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को मृतक की पत्नी के खिलाफ तहरीर सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, संजयनगर खेड़ा निवासी सुनील शर्मा (40) पुत्र वेद शर्मा टैक्सी चालक था। शुक्रवार शाम उसका पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस पर पत्नी ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद सुनील दूसरे मंजिल के कमरे में चला गया और जहर खा लिया। जब उसकी मां सुशीला शर्मा कमरे में गईं तो सुनील को फर्श पर गिरा देखा। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। तत्काल परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका कई घंटे तक उपचार हुआ। बाद में चिकित्सक ने उसे कहीं और ले जाने की सलाह दी। परिवार के लोग उसे घर ले आए। इसी बीच परिवार के सदस्य ने 112 पर घटना की सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। साथ ही सुनील को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के भांजे जयदीप ने बताया कि उसके मामा सुनील शर्मा की यह दूसरी शादी है। करीब 15 साल पहले उसकी पहली पत्नी से तलाक हुआ था। वहीं दूसरी पत्नी की पहले से ही एक बेटी थी। शादी के बाद एक लड़का, एक लड़की और हुई। जयदीप का आरोप है कि उसकी मामी, मामा पर आए दिन जायदाद उसके नाम करने का दबाव बनाती थी। इस वजह से उनके बीच क्लेश रहता था।



