हल्द्वानी

सीवर लाइन के गड्ढों ने ली बुजुर्ग की जान, स्कूटी सवार की ट्रक से कुचलकर मौत

हल्द्वानी के पनचक्की रोड पर दर्दनाक हादसा। सीवर लाइन के लिए खुदी सड़कों के कारण 70 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे की ट्रक की चपेट में आने से मौत। स्थानीय लोगों और विधायक में भारी रोष।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में विकास के नाम पर खोदी गई सड़कें अब लोगों के लिए ‘काल’ साबित हो रही हैं। रविवार दोपहर पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग सुरेश चंद्र पांडे की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर सीवर लाइन डालने के लिए किए गए गड्ढों के कारण यातायात बाधित था और बुजुर्ग एक भारी ट्रक की चपेट में आ गए।
मृतक सुरेश चंद्र पांडे रानीबाग से एक अंत्येष्टि में शामिल होकर स्कूटी से अपने घर शांति नगर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढों के कारण रास्ता संकरा था। जब उन्होंने पास लेने की कोशिश की, तो उनकी स्कूटी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिर पर हेलमेट होने के बावजूद वह उन्हें बचा नहीं सका और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और कार्यदायी संस्था (USDDA) के खिलाफ भारी आक्रोश है। स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने सीधे तौर पर विभाग को इसका जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों से सीवर लाइन के लिए जगह-जगह बड़े गड्ढे खोदे गए हैं, जिन्हें बार-बार शिकायत के बाद भी भरा नहीं गया। इसी लापरवाही के कारण आज एक मासूम जान चली गई।
क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल से ही प्रोजेक्ट मैनेजर को फोन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। विधायक ने कहा कि पूरे शहर में सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक सुरेश चंद्र पांडे एक रिटायर्ड कर्मचारी थे और घर पर अपनी पत्नी के साथ रहते थे। उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। इस हादसे ने एक बार फिर हल्द्वानी में चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय जनता ने मांग की है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और जल्द से जल्द सड़कों को दुरुस्त किया जाए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Get In Touch

समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें –

संपादक: गुलाब सिंह
कार्यालय: बरेली रोड, हल्द्वानी (नैनीताल), उत्तराखंड
फोन: +91 97580 00035
ईमेल: [email protected]

To Top