रुद्रप्रयाग के जखोली में अर्जुन बैंड के पास भीषण सड़क हादसा। खाई में वाहन गिरने से 2 की मौत, 4 घायल और 1 लापता। मृतकों में कोटद्वार के निवासी शामिल। पढ़ें पूरी खबर।
रुद्रप्रयाग। जिले के जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरे इस वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, चार घायल हैं और एक व्यक्ति लापता है। हादसे की जानकारी मिलते ही कोटद्वार के ध्रुवपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को रविवार दोपहर 12:59 बजे दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों में कुरछोला निवासी 15 वर्षीय शिवांशी रावत और 12 वर्षीय दिव्यांशी रावत को इलाज के लिए जखोली लाया जा रहा है। बचाव दल गहरी खाई में लापता व्यक्ति की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक घटना में कोटद्वार के ध्रुव विहार, ध्रुवपुर निवासी सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी, तीन माह की पुत्री शिविका, मोटाढाक निवासी रिंकी गुसाईं, उनकी पुत्री वामिका, सिमलचौड निवासी राजेश सिंह रावत और उनकी पुत्री रक्षिता के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग खाटू श्याम जी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे और हादसा बीती रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच हुआ।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत कार्य तेजी से जारी है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मृतकों, घायलों और लापता व्यक्ति की विस्तृत पहचान व स्थिति की पुष्टि करने में जुटे हैं। इस हृदयविदारक दुर्घटना से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।



