हल्द्वानी

हैदराबाद के सलमान ने किस-किस दिए पैसे इसकी भी जांच शुरू

हल्द्वानी में कर्फ्यू हटने के बाद पुलिस के पहरे में हुई जुम्मे की नमाज
हल्द्वानी। हैदराबाद से हल्द्वानी पहुंच बनभूलपुरा के मुस्लिमों का मसीहा बनने की कोशिश में जुटे सलमान खान पर अब पुलिस का शिकंजा कसेगा। पुलिस इस जांच में जुटी है कि सलमान ने बनभूलपुरा के नाम पर किस-किस से कितने पैसे जुटाए और यहां किन लोगों को दिए। इसके अलावा आयकर विभाग समेत अन्य जांच एजेंसियों को उसके एनजीओ का खाता नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर और पैन नंबर की जानकारी देकर इन्हें सीज करवाने की तैयारी की जा रही है।
आठ फरवरी को बनभूलपुरा स्थित मलिक के बगीचे में पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीम सरकारी भूमि पर बने नमाज स्थल और मदरसे को तोड़ने के लिए पहुंची थी।
इस बीच भारी भीड़ ने चारों तरफ से पथराव शुरू कर दिया। जगह-जगह आगजनी करते हुए थाना फूंक दिया। जिसके बाद रात में ही कर्फ्यू के आदेश जारी करने पड़े। इसके बाद हैदराबाद निवासी सलमान खान जो कि हैदराबाद यूथ करेज नाम के एनजीओ से जुड़ा है, उसने अपनी इंस्टाग्राम पेज पर एक के बाद एक पोस्ट की।
इन वीडियो में नमाज स्थल तोड़ने के बाद पथराव को प्रतिक्रिया के रूप में भी दिखाया गया था। इसके बाद हालात सामान्य हुए तो 20 फरवरी को हवाई जहाज से सलमान अपने छह साथियों के साथ बनभूलपुरा पहुंच गया। इस बीच एक और वीडियो प्रसारित हुआ।
जिसमें वह बैग से नोटों की गड्डियां निकाल बनभूलपुरा में मुस्लिमों को बांटता दिखा। बुधवार को पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए कोतवाली भी बुलाया। हालांकि, तब जानकारी जुटाने के बाद उसे छोड़ दिया था। मगर अब कई एंगल पर सलमान और उसके एनजीओ की जांच की जा रही है। शक यह भी है कि बनभूलपुरा के नाम पर कहीं ज्यादा पैसा तो नहीं जुटाया गया। इसलिए पुलिस उसके एनजीओ को चंदा देने वाले लोगों को भी चिन्हित करने में जुटी है।
बनभूलपुरा में पैसे बांटने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। गलत तरीके से पैसे लेने और दंगाइयों को समर्थन करने वाले लोगों के साथ ही बनभूलपुरा मामले से जुड़े तथ्यों को इंटरनेट मीडिया पर गलत तरीके से प्रस्तुत करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।
बनभूलपुरा बवाल में पुलिस ने अब तक 78 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बवाल के मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल समेत तीन वांछितों की तलाश जारी है। मलिक पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि अब्दुल मलिक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इधर, आठ फरवरी को बवाल के कारण कर्फ्यू लगाना पड़ा और 20 फरवरी को पूर्ण रूप से हटाया गया। तब से अब शुक्रवार को सार्वजनिक रूप से मस्जिदों में नमाज हुई। इसे लेकर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस व पैरा मिलिट्री फोर्स जगह-जगह मुस्तैद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Get In Touch

समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें –

संपादक: गुलाब सिंह
कार्यालय: बरेली रोड, हल्द्वानी (नैनीताल), उत्तराखंड
फोन: +91 97580 00035
ईमेल: [email protected]

To Top