AI वॉचडॉग METR के रिसर्चर निकोला जुरकोविक ने 2027 में बड़े संकट की चेतावनी दी है।
नई दिल्ली। एडवांस AI सुरक्षा संस्था METR के रिसर्चर निकोला जुरकोविक ने सोशल मीडिया पर खुला खत लिखकर बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सख्त वैश्विक नियम न बने तो 2027 में कोविड से भी बड़ी उथल-पुथल आ सकती है। जुरकोविक ने लोगों से नकद पैसा और कम से कम दो हफ्ते का राशन-पानी रखने को कहा है।
उनके अनुसार, 2030 तक अर्थव्यवस्था, नौकरियों और ताकत के समीकरणों पर गहरा असर पड़ सकता है। यदि अनियंत्रित AI सिस्टम बैंकिंग या पावर ग्रिड को प्रभावित करें तो डिजिटल लेनदेन ठप हो सकते हैं। ऐसे हालात में हाथ में रखा कैश और घर का राशन रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकता है।
जुरकोविक की यह चिंता कई अन्य AI विशेषज्ञों की चेतावनियों के बीच सामने आई है। योशुआ बेंगियो और जेफ्री हिंटन जैसे वैज्ञानिक भी जोखिमों को लेकर आगाह कर चुके हैं। वहीं डारियो अमोदेई ने भी शुरुआती ऑफिस नौकरियों पर असर की बात कही है।
जुरकोविक मानते हैं कि सही नियमों के साथ अभी संभलने का मौका बाकी है। उन्होंने यूरोप के ‘EU AI Act’ का जिक्र करते हुए वैश्विक नियमों की जरूरत बताई। तकनीक की तेज रफ्तार के साथ मजबूत सुरक्षा नियमों को लागू करना अब बेहद जरूरी है।



