Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में मातम: शादी समारोह से लौट रहे लोनिवि कर्मी और पत्नी की खाई में गिरने से मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़-घाट एनएच पर दर्दनाक हादसा। मटेला बेंड के पास खाई में गिरी कार, लोनिवि कर्मी योगेश आर्या और पत्नी निधि की मौत। शादी समारोह से लौट रहा था परिवार।

पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार लोक निर्माण विभाग (PWD) के कर्मचारी और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 22 किलोमीटर पहले मटेला बेंड के पास हुआ।
मृतक की पहचान नगर के बजेटी निवासी 38 वर्षीय योगेश आर्या के रूप में हुई है, जो टकाना स्थित लोनिवि तृतीय खंड में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत थे। योगेश अपनी 26 वर्षीय पत्नी निधि राज के साथ एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गंगोलीहाट गए थे। रविवार को बारात गंगोलीहाट से लोहाघाट गई थी, जहाँ से दोनों शाम को कार द्वारा वापस अपने घर पिथौरागढ़ लौट रहे थे।
शाम करीब पौने छह बजे मटेला बेंड के समीप उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई और लगभग 250 मीटर गहरी खाई में समा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और राजस्व विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम खाई में उतरी, जहाँ योगेश और उनकी पत्नी निधि के शव बरामद हुए। घाट चौकी प्रभारी जितेंद्र सौराड़ी ने बताया कि दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। योगेश आर्या और निधि की कोई संतान नहीं थी। योगेश की मौत के बाद अब परिवार में उनकी बुजुर्ग मां अकेली रह गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
पिथौरागढ़-घाट राजमार्ग पर मटेला बेंड के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा मानकों और क्रैश बैरियर की कमी पर रोष व्यक्त किया है। विभाग के कर्मचारी की मौत पर लोनिवि कार्यालय में भी शोक की लहर है। इस दुखद घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement