CWN Desk

किच्छा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह ने जीत हासिल की है। नए बने सिरौलीकलां में भी कांग्रेस की राशिदा चुनाव जीत गई हैं।

उधम सिंह नगर। जिले से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। नगर पालिका किच्छा के चुनाव परिणामों में कांग्रेस पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार अपना दबदबा कायम रखा है। इसके साथ ही नए गठित नगर पालिका क्षेत्र सिरौलीकलां में भी कांग्रेस ने परचम लहराते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। चुनावी नतीजे सामने आने के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
नई मंडी समिति परिसर में देर रात तक चली मतगणना के बाद अंतिम चुनाव परिणाम घोषित किए गए। किच्छा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संदीप अरोरा को 6,147 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। राजेश प्रताप सिंह को कुल 19,091 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोरा 12,944 वोटों पर ही सिमट गए। राजेश ने चारों चक्रों की मतगणना में अपनी बढ़त को अंत तक बरकरार रखा।
किच्छा के कुल 20 वार्डों में हुए पार्षदों के चुनाव में भी कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा। यहाँ कांग्रेस ने 10 वार्डों पर विजय प्राप्त की, जबकि भाजपा के खाते में 6 सीटें आईं और 4 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। दूसरी तरफ, पहली बार नगर पालिका बनी सिरौलीकलां में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की राशिदा ने 5,434 मत प्राप्त कर निर्दलीय प्रत्याशी फरीन जहां को 1,773 वोटों से मात दी। फरीन जहां को कुल 3,661 मत मिले।
इस चुनाव परिणाम को स्थानीय स्तर पर सत्ताधारी दल भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। किच्छा और सिरौलीकलां दोनों ही क्षेत्रों में मिली इस सफलता से कांग्रेस की स्थानीय राजनीति में पकड़ और मजबूत हुई है। जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों ने जनता का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया है।