उधमसिंह नगर
कुमारी शैलजा की आपत्ति के बावजूद पूर्व सीएम हरीश रावत ने निकाली जनसंवाद यात्रा। काशीपुर में धामी सरकार पर कसा तंज, कहा- बदलाव चाहती है जनता।
काशीपुर पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत: 2027 और 2029 में बदलाव का दिया नारा
काशीपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की आपत्ति के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सोमवार को अपनी स्वघोषित ‘जनसंवाद यात्रा’ पर निकले। वाहनों के विशाल काफिले के साथ जसपुर से रामनगर जाते समय हरीश रावत काशीपुर स्थित नवीन अनाज मंडी विश्राम गृह पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और 2027 में देहरादून तथा 2029 में दिल्ली की सत्ता में परिवर्तन तय है।
विश्राम गृह में आयोजित सभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य की धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी जनसंवाद यात्रा से घबराकर सरकार ने काशीपुर फ्लाईओवर को पांच दिनों के लिए बंद कर दिया है और यात्रा मार्ग पर बुलडोजर लगाकर पुलिया का निर्माण शुरू करा दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रशासन चाहे जितने अवरोध पैदा कर ले, कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।
हरीश रावत ने प्रशासन पर तंज कसते हुए कहा कि इस बार आरओबी का मार्ग बंद किया गया है, कहीं अगली बार सरकार घबराकर इसे तोड़ ही न दे। उन्होंने घोषणा की कि अगली बार वह राज्य सरकार और स्थानीय पुलिस-प्रशासन को बिना पूर्व सूचना दिए चुपके से आएंगे। इस दौरान पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, गोविंद कुंजवाल और विधायक आदेश चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।
हालांकि, इस जनसंवाद यात्रा के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी भी साफ देखने को मिली। कार्यक्रम में काशीपुर महानगर अध्यक्ष अलका पाल समेत जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के कई प्रमुख पदाधिकारी अनुपस्थित रहे। दूसरी ओर, प्रशासन के अनुसार बाजपुर रोड स्थित आरओबी के एक्सटेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के चलते 4 से 8 अक्टूबर तक यातायात प्रतिबंधित किया गया है।




