CWN Desk

पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू ब्लॉक में जंगल में घास काट रही महिला को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी दहशत और आक्रोश है।

पौड़ी गढ़वाल। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खिर्सू विकासखंड के अंतर्गत खंडाह के पास अमधार गांव में गुलदार ने एक महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में 51 वर्षीय बीना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना शुक्रवार शाम की है जब बीना देवी पशुओं के लिए चारा लेने पास के जंगल में गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला बोल दिया और उन्हें घसीटकर झाड़ियों में ले गया। साथ की महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी गुस्सा देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की दहशत है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने मांग की है कि आदमखोर गुलदार को तुरंत पकड़ा जाए या शूट किया जाए। साथ ही, प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी पुरजोर मांग की गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है। डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए जा रहे हैं। प्रशासन लगातार ग्रामीणों से अकेले जंगल न जाने की अपील कर रहा है।