Report by : CWN Desk
Published at :
FB IMG 1791208362306

पूर्व सीएम हरीश रावत ने उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से मुलाकात कर पार्टी मजबूती और 2027 विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन की रणनीति पर चर्चा की।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से अहम मुलाकात की है। इस संगठनात्मक बैठक के दौरान राज्य की राजनीतिक स्थिति, पार्टी की मजबूती और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में सत्ता परिवर्तन की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद हरीश रावत ने स्पष्ट किया कि संगठन को मजबूत करना और 2027 में राज्य में कांग्रेस की वापसी सुनिश्चित करना ही सभी नेताओं का प्राथमिक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के सामने समय-समय पर जो भी चुनौतियां आएंगी, वे उनके समाधान और हक की आवाज को मजबूती से उठाते रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जनता का व्यापक सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश संगठन आगामी राजनीतिक अभियानों और राज्य के मुख्य मुद्दों पर जनआंदोलन खड़ा करने के लिए उनकी सेवाओं का समुचित उपयोग करेगा।
इसके साथ ही हरीश रावत ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के लोकतंत्र बचाओ अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में लोकतंत्र को बचाने की एक बड़ी राजनीतिक और वैचारिक लड़ाई लड़ रहे हैं। इस संदेश को उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता तक पहुंचाना कांग्रेसजनों का मुख्य दायित्व है।
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के बीच वरिष्ठ नेताओं की यह मुलाकात संगठनात्मक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कांग्रेस राज्य में सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ जनमुद्दों को लेकर घेराबंदी तेज करने की रणनीति पर काम कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›